मयूर सैनी/सचिन कुमार
हरिद्वार – हरिद्वार पुलिस ने 22 साल के युवक का अपहरण कर हत्या करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों हत्यारोपी मृतक के दोस्त थे। शुक्रवार रात को सलेमपुर क्षेत्र के एक मकान से पुलिस ने 22 साल के कार्तिक का शव बरामद किया था।

परिजनों द्वारा बहादराबाद थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराने के बाद पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने सच्चाई उगल दी। आरोपियों ने कार्तिक का गला दबाकर हत्या करने के बाद उसका शव बोरे में बंद कर रखने की बात कबूल की। दोनों युवकों ने मृतक के माता-पिता को फोन कर 70 लाख रूपये की फिरौती मांगी थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। मृतक पैथोलॉजी लैब चलाता था। पकड़े गए दोनों हत्यारोपी बिजनौर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

