हरिद्वार, 20 जुलाई – खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार कांवड़ मेला-2026 के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सोमवार को बहादराबाद से धनौरी कांवड़ पटरी मार्ग, भूपतवाला तथा भगवानपुर से गागलहेड़ी तक स्थित स्थायी एवं अस्थायी खाद्य स्टॉल, ढाबों, भोजनालयों, रेस्तरां एवं होटलों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महीमनन्द जोशी के नेतृत्व में पहली टीम ने बहादराबाद से धनौरी कांवड़ पटरी मार्ग पर कुल 16 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 9 प्रतिष्ठानों में फूड लाइसेंस नहीं पाया गया तथा आवश्यक अभिलेख भी उपलब्ध नहीं थे। इस पर संबंधित संचालकों को मौके पर ही नोटिस जारी करते हुए दो दिनों के भीतर फूड लाइसेंस बनवाकर प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। टीम ने सभी प्रतिष्ठानों को रेट सूची प्रदर्शित करने, बासी भोजन का विक्रय न करने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों में फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड भी प्रदर्शित कराए गए। इस दौरान दही, दूध एवं तेल के 3 नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु लिए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टट्टा के नेतृत्व में दूसरी टीम ने भूपतवाला क्षेत्र के 10 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। सभी प्रतिष्ठानों में फूड लाइसेंस एवं फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित पाए गए तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में तीसरी टीम ने भगवानपुर से गागलहेड़ी तक 17 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों में फूड लाइसेंस एवं फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित पाए गए।
इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग, तहसील रुड़की क्षेत्र में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों से सरसों का तेल, चॉकलेट एवं बेवरेज के 3 नमूने संकलित कर प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *