मयूर सैनी की रिपोर्ट
हरिद्वार- कुख्यात वन तस्कर इलियास डांगी आखिरकार वन महकमे के हत्थे चढ़ गया। पिछले कई वर्षों से हरिद्वार वन प्रभाग और राजाजी टाइगर रिजर्व के लिए इलियास बड़ी चुनौती बना हुआ था। बुधवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर वन महकमे के अधिकारियों ने रणनीति बना कर बहादराबाद क्षेत्र से इलियास डांगी को गिरफ्तार किया। आरोपी सागौन के पेड़ की तस्करी के मकसद से इकट्ठा हुए थे। मुखबिर की सूचना पर हरिद्वार वन प्रभाग की हरिद्वार रेंज के रेंजर दिनेश नौडियाल ने पूरे फोर्स के साथ मौके पर छापेमारी कर इलियास डांगी को गिरफ्तार कर लिया, वहीं दूसरी ओर इलियास के साथ मौजूद अन्य चार वन तस्कर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। हरिद्वार वन प्रभाग की टीम ने मौके से दो मोटरसाइकिल आरा वह कुल्हाड़ी बरामद की है वही अब वन महकमे की टीम चार अन्य शातिर तस्करों को गिरफ्तार करने की मुहिम में जुट गई है।
इलियास उर्फ डांगी पर दर्ज है 130 मुकदमें
हरिद्वार वन प्रभाग के रेंजर दिनेश नौडियाल के अनुसार इलियास उर्फ डांगी एक कुख्यात वन तस्कर है इसके ऊपर हरिद्वार वन प्रभाग वह राजाजी टाइगर रिजर्व में 130 से ज्यादा मुकदमे दर्ज है। उन्होंने बताया कि पिछले हफ्ते हरिद्वार वन विभाग की टीम द्वारा 7 तस्करों को भी पकड़ा गया था उसके बाद उनकी टीम लगातार अन्य तस्करों की सुराग तलाशने में लगी हुई थी आखिरकार बुधवार शाम इसमें उन्हें सफलता मिल गई मुखबिर की सूचना पर कुख्यात इलियास उर्फ डांगी उनके हत्थे चढ़ गया।
अब जल्द ही पेड़ काटने की घटना को अंजाम देने का प्रयास करने वाले अन्य तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलियास बहुत ही शातिर प्रवृत्ति का वन तस्कर है इसके द्वारा पिछले कई वर्षों के दौरान कई बहुमूल्य प्रजाति के वृक्षों की तस्करी किए जाने की घटनाएं घटित की गई हैं। जिसके बाद से ही ये वन महकमे के लिए सर दर्द बना हुआ था आखिरकार अब इसके पकड़े जाने के बाद अन्य लकड़ी तस्करों पर भी आसानी से नकेल कसी जा सकेगी ।

