हरिद्वार – देश में बढ़ती डीजल पेट्रोल की कीमतों के विरोध में आज पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। हरिद्वार में भी रानीपुर मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के सामने बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की। इस दौरान हरिद्वार के सभी कांग्रेसी नेता एकजुट दिखाई दिए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक तरफ देश की जनता को कोरोना की मार तो दूसरी तरफ महंगाई की मार झेल रही है। व्यापारी, मजदूर, छात्र, बुजुर्ग और महिला सभी वर्ग परेशान है। कांग्रेस भाजपा सरकार की इस तानाशाही को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी और जब तक देश में महंगाई कम नहीं होगी तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
इस दौरान पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि भाजपा सरकार जुमलो की सरकार है। सत्ता में आने के लिए इन्होंने देशवासियों को डीजल पेट्रोल के दाम सस्ता करने का प्रलोभन दिया था लेकिन आज इनके राज में डीजल पेट्रोल के दाम 4 गुना बढ़ गए हैं। यहां तक कि खाने का तेल भी आसमान छू रहा है।

पूर्व प्रदेश सचिव महेश प्रताप राणा ने कहा कि कांग्रेस के राज में डीजल 50 और पेट्रोल 65 रुपये था लेकिन आज दोनों के दाम 100 के आसपास पहुंच गए हैं। इन्हें आमजन से कोई मतलब नहीं है। हिंदू मुस्लिम के मुद्दे पर यह सत्ता में आ जाते हैं और इनके राज में महिला, पुरुष, बुजुर्ग, युवा और छात्र हर वर्ग परेशान है इनके राज में बस कारपोरेट जगत ही खुश है।
महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में कभी देश की जनता को महंगाई की मार नहीं झेलनी पड़ी लेकिन आज महंगाई चरम सीमा पर है। महंगाई कम करने के लिए कांग्रेस का कार्यकर्ता सड़कों पर रहकर विरोध करता रहेगा और भाजपा सरकार को महंगाई कम करनी ही पड़ेगी।
प्रदेश सचिव विभास मिश्रा ने कहा कि देश की जनता एक तरफ कोरोना की मार झेल रही है तो वहीं दूसरी तरफ महंगाई की मार झेल रही है। डीजल पेट्रोल से लेकर खाने के समान के दाम आसमान छू रहे है।
मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने कहा कि ‘बहुत हुई महंगाई की मार अबकी बार भाजपा सरकार’ का नारा देकर यह लोग सत्ता में आए। कांग्रेस के टाइम में महंगाई को मुद्दा बनाकर प्रदर्शन करने वाले भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं की आंखे बंद है। महंगाई को लेकर किसी के कानों पर भी जूं नही रेंग रही है।
किसान कांग्रेस के पूर्व जिला अधक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि हमेशा से भाजपा सरकार की कुरीतियों के खिलाफ कांग्रेस हमेशा आवाज उठाती आई है। यदि देश की जनता को महंगाई से बचाना है तो भाजपा सरकार को देश से हटाना ही पड़ेगा।

