हरिद्वार – उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा कराई गई पटवारी भर्ती परीक्षा घोटाले की जांच पूरी भी नहीं हुई कि एक और भर्ती घोटाला सामने आया है। शिकायत के बाद जांच में जेई और एई परीक्षा में धांधली का खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद एसआईटी की और से हरिद्वार के कनखल थाने में 9 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
दरअसल कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शिकायत मिली थी कि लोक सेवा आयोग द्वारा जून 2022 में कराई गई जेई और एई परीक्षा में भी धांधली हुई है। सीएम धामी ने एसआईटी को मामले की जांच के निर्देश दिए। एसआईटी की प्रारंभिक जांच में जेई एई परीक्षा में भी गड़बड़ी सामने आई है। गड़बड़ी सामने आने के बाद सीएम धामी ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। आज सीएम धामी के निर्देश पर एसआईटी ने कनखल थाने में 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एसएसपी अजय सिंह ने निर्देशन में एसआईटी ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के आदेश पर जेई एई परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले 9 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

