हरिद्वार – हरिद्वार के ट्रेवल कारोबारियों द्वारा देहरादून में फिटनेस सेंटर स्थापित करने और फिटनेस सेंटर के निजीकरण का विरोध बढ़ता जा रहा है। सोमवार को ट्रेवल यूनियनों से जुड़े लोगो ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंप हरिद्वार आरटीओ कार्यालय में पहले की तरह गाड़ियों का फिटनेस सेंटर स्थापित करने की मांग की।
इस दौरान ट्रेवल कारोबारियों ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर गाड़ियों के फिटनेस सेंटर को प्राइवेट हाथो में सौंप रही है। फिटनेस सेंटर के निजीकरण से प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। देहरादून में फिटनेस सेंटर स्थापित होने के बाद उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सरकार ने हरिद्वार में दोबारा फिटनेस सेंटर स्थापित नहीं किया तो ट्रेवल कारोबारी चक्का जाम कर बड़ा आंदोलन करेंगे।

