हरिद्वार, 26 सितम्बर – राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को हरिद्वार स्थित उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय के बारहवें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने 32 छात्रों-छात्राओं को गोल्ड मेडल और छह छात्रों को पीएचडी की उपाधि से नवाजा गया।

समारोह में राज्यपाल ने लोक गायिका पद्मश्री माधुरी बड़थ्वाल सहित डॉ. अनुसूया प्रसाद पंत, प्रो. राम कुमार शर्मा तथा श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के पूर्व कुलपति प्रो. रमेश कुमार पाण्डेय को मानद उपाधियों से सम्मानित किया।

राज्यपाल ने उपाधि एवं पदक प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शिक्षा पूर्ण होने का अवसर नहीं है, बल्कि यह जीवन की नई यात्रा और समाज एवं राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों के प्रारंभ का अवसर भी है। विद्यार्थियों के पास ज्ञान, संस्कार और युवा ऊर्जा की शक्ति है। इन तीनों को समाज की आवश्यकताओं से जोड़कर सार्थक बनाना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि संस्कृत को केवल अतीत की धरोहर के रूप में संरक्षित रखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसे भविष्य की संभावनाओं से जोड़ना होगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, भाषा-विज्ञान और मशीन लर्निंग जैसे क्षेत्रों में संस्कृत की वैज्ञानिक संरचना और समृद्ध साहित्य के आधार पर व्यापक शोध की संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृत को पुस्तकालयों की अलमारियों से निकालकर डिजिटल संसार, शोध प्रयोगशालाओं और वैश्विक ज्ञान-विमर्श तक ले जाने की आवश्यकता है।

राज्यपाल ने कहा कि संस्कृत केवल एक प्राचीन भाषा नहीं, बल्कि भारत की ज्ञान-चेतना, चिंतन परंपरा और सांस्कृतिक स्मृति की प्रमुख वाहक है। वेद, उपनिषद, दर्शन, व्याकरण, आयुर्वेद और योग सहित भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा संस्कृत में सुरक्षित है। संस्कृत हमें केवल शब्द नहीं देती, बल्कि जीवन को देखने की दृष्टि, विवेक, कर्तव्यबोध और मानव कल्याण की भावना भी प्रदान करती है।

राज्यपाल ने कहा कि संस्कृत के विद्यार्थियों के लिए अध्यापन के साथ-साथ अनुवाद, शोध, भारतीय दर्शन, संस्कृति, प्रकाशन, डिजिटल मीडिया और भाषा-तकनीक जैसे अनेक क्षेत्रों में रोजगार एवं कार्य के अवसर उपलब्ध हैं। इसलिए संस्कृत को रोजगार, शोध, तकनीक और नवाचार से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से ज्ञान को निरंतर बढ़ाने, संस्कारों को जीवन में उतारने, समाज की सेवा करने, नवाचार को अपनाने और राष्ट्र को सर्वाेपरि रखने के पांच संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रकाशनों का विमोचन भी किया। उन्होंने लगभग दस हजार दुर्लभ पुस्तकों एवं पत्र-पत्रिकाओं का विश्वविद्यालय को दान करने के लिए पद्मश्री अभिराज राजेन्द्र मिश्र के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन दुर्लभ ग्रंथों को ‘अभिराज-पुस्तक-वीथी’ के रूप में संरक्षित किया जाना आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण ज्ञान-संपदा सिद्ध होगा।

12वें दीक्षांत समारोह की विशेष बात यह रही कि राज्यपाल ने अपना संबोधन संस्कृत भाषा में दिया। उन्होंने संस्कृत के माध्यम से विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।

दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि संस्कृत शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि संस्कृत विश्व की सर्वाधिक पूर्ण एवं तर्कसंगत भाषा ही नहीं, बल्कि अत्यंत वैज्ञानिक और कंप्यूटर अनुकूल भाषा भी है। इसमें जीवन विकास की अपार संभावनाएं हैं। संस्कृत अधिकांश भारतीय भाषाओं की जननी है और उनकी अधिकांश शब्दावली संस्कृत से ली गई है अथवा इससे प्रभावित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से भारत सरकार का संस्कृत मंत्रालय संस्कृत के समुचित प्रचार-प्रसार के लिए प्रयास कर रहा है। हम सभी को इसमें अपना व्यक्तिगत योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में पारंपरिक विषयों के साथ शिक्षा शास्त्र और योग आदि विषयों की पढ़ाई संस्कृत माध्यम से हो रही है। विश्वविद्यालय बहुशास्त्रीय अनुसंधान को भी प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने कामना की कि विश्वविद्यालय अनुसंधान के क्षेत्र में उत्तराखंड और देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का मानक बने तथा यहां होने वाले शोध कार्यों का विश्व के प्रसिद्ध विश्वविद्यालयों के साथ आदान-प्रदान हो।

संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक कुमार ने कहा कि संस्कृत का उत्थान केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध एवं अनुसंधान के नए आम खोल सकते हैं, लेकिन संस्कृत को जन-जन तक पहुंचाने का वास्तविक कार्य समाज और नई पीढ़ी की भागीदारी से ही पूरा होगा। हमें संस्कृत की विरासत को सुरक्षित रखते हुए उसे नवाचार से जोड़ना होगा। उन्होंने संस्कृत छात्रों से आवाहन किया कि संस्कृत छात्र संस्कृत को अपने जीवन की ज्ञान यात्रा का हिस्सा बनाएं।

दीक्षांत समारोह में स्वागत भाषण देते हुए कुलपति प्रो. रमाकांत पांडेय ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और शोध उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कहा कि विश्वविद्यालय का प्रमुख उद्देश्य संस्कृत भाषा, भारतीय ज्ञान परंपरा और शोध को आगे बढ़ाना है। इसी दिशा में परंपरागत विषयों के साथ आधुनिक विषयों को भी अध्ययन और अनुसंधान से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य संस्कृत को केवल परंपरा तक सीमित न रखते हुए शोध, शिक्षा और समाजोपयोगी ज्ञान का प्रभावी माध्यम बनाना है।

इस अवसर पर प्राग्ज्योतिषपुर विश्वविद्यालय, गुवाहाटी के कुलपति प्रो. राघवेन्द्र प्रसाद तिवारी, श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के पूर्व कुलपति प्रो. रमेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रमाकांत पाण्डेय सहित कार्यपरिषद एवं विद्या परिषद के सदस्य, जनप्रतिनिधि शिक्षकगण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *