हरिद्वार – कुम्भ मेले की कवरेज के लिए मीडिया सेंटर बनकर तैयार हो गया है। सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग द्वारा हरिद्वार के चंडी द्वीप नीलधारा मे 2.6 हेक्टेयर एरिया में ये मीडिया सेंटर स्थापित किया गया है। इस मीडिया सेंटर में सभी अत्याधुनिक सुविधाएं जैसे मेले के लाइव प्रसारण के साथ ही विभिन्न स्थलों पर कैमरा, आप्टिकल फाईबर, ब्राडबैण्ड कनेक्शन सहित कम्प्यूटर स्कैनर्स, फैक्स, फोटो काॅपियर्स, सुविधायुक्त स्टूडियो, आवश्यक कम्प्यूटर साफ्टवेयर तथा आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हैं। हरिद्वार महाकुंभ मेले के नोडल अधिकारी मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि देश-विदेश से आने वाले प्रेस प्रतिनिधियों को मीडिया सेन्टर में किसी भी अपने कार्यक्रम रिकार्ड करने की सुविधा स्टूडियों में मिलेगी। यहाँ बने प्रेस कान्फ्रेंस हाॅल में अति विशिष्ट अतिथियों के साक्षात्कार भी करने का अवसर मिलेगा। मीडिया सेन्टर में अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय तथा स्थानीय पत्रकारों हेतु अस्थायी एवं अल्पकालिक आवासीय सुविधाएं तथा विभिन्न शाकाहरी व्यंजनों की सुविधा वाले फूडकोर्ट भी स्थापित किया गया है। मीडिया सेंटर में 103 स्विस काॅटेज, वीआईपी लांज, पीसीआर रूम, स्टूडियो, कम्प्यूटर हाॅल, वर्किंग स्टेशन, डाक्टर, सूचना केन्द्र और कैफेटेरिया के लिए पैगोडा, शौचालय आदि की पूरी व्यवस्था की गई है।

