हरिद्वार – यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव की अस्थियां आज हरिद्वार पहुंची। हरिद्वार स्थित चंडी घाट पर यादव परिवार के तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन और पंडित नितिन शर्मा द्वारा पुरे विधि विधान के साथ दिवंगत मुलायम सिंह यादव की अस्थियों को गंगा जी में विसर्जित कराया गया। पूर्व सीएम अखिलेश यादव, बहु डिंपल यादव, भाई शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव के साथ कई परिजन मुलायम सिंह की अस्थियों को लेकर हरिद्वार पहुंचे थे।
इस दौरान शिवपाल यादव ने कहा कि दिवंगत मुलायम सिंह ने कई बार विधायक और मुख्यमंत्री रहते हुए जनता की सेवा की है। उन्होंने हमेशा अल्पसंख्यक, गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग के लोगो की आवाज को ऊंचाइयों तक ले जाने का काम किया है। उनके जाने के बाद पूरा परिवार एकजुट है और उन्होंने अपने जीवन में दल बल से ऊपर उठकर सभी लोगो की बात सुनी और कभी किसी को निराश नहीं किया।

गौरतलब है कि अस्थि विसर्जन के बाद अखिलेश यादव ने गंगा स्नान किया और उसके बाद तीर्थ पुरोहितों की बही में नाम दर्ज कराकर अपने हस्ताक्षर भी किए। अस्थि विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भारी भीड़ जमा थी और मुलायम सिंह यादव अमर रहे के नारों के साथ उनकी अस्थियों गंगा में विसर्जित किया गया।

मुलायम सिंह के अस्थि विसर्जन में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और हरिद्वार विधायक मदन कौशिक, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

