मयूर सैनी/सचिन कुमार
हरिद्वार – रविवार शाम हरिद्वार के लक्सर में हुई पुलिसकर्मियो और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है की यह घटना के वक्त का वीडियो है, जिसमें सरेराह बाइक सवार बदमाश पुलिसकर्मियों पर गोली चला कर फरार होते साफ नजर आ रहे हैं। इस मुठभेड़ में बदमाशों की गोली से दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घटना के 3 दिन बाद भी पुलिस के हाथ अभी तक खाली है। हालांकि हरिद्वार पुलिस बदमाशों की तलाश में हरिद्वार से पश्चिम उत्तर प्रदेश तक खाक छान रही है। हरिद्वार के एसएसपी डॉ योगेन्द्र सिंह रावत ने बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
एसएसपी का कहना है कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए 6 टीमें लगाई गई हैं। मामले में महत्वपूर्ण लीड भी मिली है जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। आपको बता दें कि रविवार शाम को कुछ नकाबपोश बदमाश लक्सर के एक व्यापारी के यहां किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आए थे, लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की बहादुरी के चलते बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।

