लक्सर (हरिद्वार) – लक्सर कोतवाली स्थित सेठपुर गांव में मामूली कहासूनी होने के बाद बाइक सवार युवकों ने एक घर पर कई राउंड हवाई फायर कर फरार हो गए। इस घटना के बाद गाँव मे हड़कंप मच गया। घर में मौजूद माँ बेटी ने बमुश्किल छिपकर अपनी जान बचाई। वही पीड़ित परिवार की शिकायत पर मौके पर पहुँची पुलिस ने जाँच शुरू कर दी है।
सेठपुर गांव निवासी संजय ने बताया कि वो लक्सर की एक निजि फैक्ट्री में काम करता है। शनिवार शाम को गांव के ही कुछ लोगो के साथ उसकी की मामूली कहासूनी हो गई थी। उसके बाद रविवार सुबह वह ड्यूटी चला गया। इसके थोड़ी ही देर बाद बाइक पर सवार कई लोग हाथ में तमंचे लहराते हुए उसके घर के सामने से गुजरे और ताबड़तोड़ फायर करने लगे। उस समय घर मे संजय की पत्नी बबीता व बेटी रश्मि मौजूद थे। बबिता ने बताया कि उन दोनों ने किसी तरह मकान के एक कमरे में छिपकर जान बचाई। इसके बाद युवक हवाई फायरिंग करते हुए गांव से बाहर निकल गए। हवाई फायरिंग के समय पड़ोस की महिला मेशो देवी छत पर खड़ी थी वो भी तमंचे की गोली लगने से बाल, बाल बची।
वही पीड़ित संजय की सूचना पर एसएसआई मनोज सिरोला ने पुलिसबल सहित गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली। संजय ने गांव के ही लोगों पर हमला कराने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। एसएसआई मनोज सिरोला ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की मदद से युवकों की तलाश की जा रही है।

