हरिद्वार – सीबीआई द्वारा दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद देश के कई राज्यों में आप कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। हरिद्वार में भी आप कार्यकर्ताओं ने सती कुंड से लेकर बीजेपी कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला और सरकार का पुतला दहन किया। सुरक्षा के मध्यनजर बीजेपी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती पहले की कर दी गई थी जैसे ही आप कार्यकर्ता बीजेपी कार्यालय के नजदीक पहुंचे तभी पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।
इस दौरान आप कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच हल्की नोक झोंक भी हुई। आप कार्यकर्ताओं ने सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया और कहा कि केजरीवाल सरकार की लोकप्रियता से बौखलाकर बीजेपी सरकार ने मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी कराई है।

