हरिद्वार – हरिद्वार में दो दिन की बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी। जगह-जगह जलभराव होने के कारण आमजन को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आगे से बरसात में जलभराव की स्थिति पैदा न हो इसके लिए नालों की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिये हरिद्वार मेयर अनिता शर्मा ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें शीघ्र ही नगर निगम के हर वार्ड में नालों की सफाई करवाने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में तय किया गया कि सफाई के लिए बनी नाला गैंग में 100 कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। नगर निगम के सैनिटरी इंस्पेक्टर अपने सुपरविजन में नालों की सफाई करायेंगे। नालों की सफाई में जेसीबी इत्यादि जिस किसी भी उपकरणों की आवश्यकता होगी उसे कैसे भी उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित होगा।
मेयर अनिता शर्मा ने बताया कि शहर में जलभराव की स्थिति बिल्कुल नही होगी, इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। नालों की सफाई के दौरान यदि लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य नगर आयुक्त कौस्तुभ मिश्रा, सहायक नगर आयुक्त तनवीर मारवा, सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, अर्जुन सिंह, सुनीत कुमार, श्रीकांत, परिषद विनीत जॉली, मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी देवेश गौतम, सुनील कुमार, विदित शर्मा आदि उपस्थित रहे।

