हरिद्वार, 28 मई – शक्ति उपासना ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं मां संतोषी आश्रम की परमाध्यक्ष श्री निरंजनी पंचायती अखाड़ा की महामंडलेश्वर स्वामी संतोषी माता का आज 64वां प्राकट्य दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। उपनगर कनखल में संन्यास रोड पर स्थित मां संतोषी आश्रम में मां महिषासुर मर्दिनी मंदिर के सभागार में विशेष समारोह आयोजित किया गया। महामंडलेश्वर स्वामी संतोषी माता द्वारा मां महिषासुर मर्दिनी की विशेष पूजा अर्चना की गई।

इस पावन अवसर पर 11 वेद पाठी ब्राह्मणों ने दुर्गा सप्तशती का विशेष पाठ किया। देश के विभिन्न राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने महामंडलेश्वर स्वामी संतोषी माता को पुष्प माला भेज कर उनका स्वागत किया और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी संतोषी माता ने अपने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में हमारा लक्ष्य ईश्वर प्राप्ति होना चाहिए और उसके लिए हमें नेक दिल से काम करने चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें किसी धर्म जाति विशेष से नफरत नहीं है बल्कि हमें नफरत इंसान की बुराइयों और धर्म के नाम पर फैलाई जा रही कुरीतियों से है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 सालों के राज्य में सनातन धर्म की रक्षा और पुनरुद्धार के लिए कई कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का ऐतिहासिक कार्य हुआ है, जो हमेशा याद किया जाएगा।उन्होंने कहा कि उनके जीवन की इस यात्रा में उन्होंने कई पड़ाव देखें और धर्म के क्षेत्र में लोगों की आस्था बहुत बढ़ी है और वही भौतिकता का प्रभाव भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि समय के साथ-साथ परिवर्तन होते रहते हैं, यह प्रकृति का नियम है। उन्होंने कहा कि मेरा जीवन सार्थक रहा है, क्योंकि मैंने हमेशा अपना लक्ष्य ईश्वर को साक्षी मानकर जन कल्याण के कार्य करने का रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *