बहादराबाद (हरिद्वार) – हरियाणा के फरीदाबाद में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को हरिद्वार पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोका तो बदमाश कार मौके पर ही छोड़ खेतों में भाग गए। बहादराबाद टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान यह घटना हुई। हरिद्वार की तरफ से तेजी से रुड़की की तरफ आ रहे वाहन को पुलिस की चैकिंग देख अचानक रुक गई। पुलिस चेकिंग देख कर तीनों बदमाश वाहन को किनारे खड़ा कर तेजी से टोल प्लाजा के पीछे स्थित खेतों की तरफ भागे।
वाहन को चेक करने पर 02 मोबाइल, 4 चेक, पर्स, क्रेडिट कार्ड व 2 नंबर प्लेट बरामद हुई। जानकारी जुटाने पर ज्ञात हुआ कि तीन बदमाश 27 जनवरी को फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र से कार लूटकर भागे थे, जिस संबध में संबंधित थाने द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
पुलिस टीम द्वारा बदमाशों को पकड़ने के लिए गन्ने के खेतो में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से हरिद्वार में उनके द्वारा कारित गतिविधियों की जांच की जा रही है।

