हरिद्वार, 20 जुलाई – देवभूमि अधिकार मंच के संयोजक प्रमोद खारी ने भाजपा से इस्तीफे की घोषणा करते हुए लक्सर से विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान प्रमोद खारी ने कहा कि सरकार और संगठन के स्तर पर जनसमस्याओं को रखने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने निराशा हताशा के बाद दुखी मन से भाजपा से इस्तीफा दिया है।
प्रमोद खारी ने बताया कि स्थानीय सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के समक्ष भी जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया। लेकिन उनका भी कोई सहयोग नहीं मिला। खारी ने कहा कि वे जन सेवा के लिए राजनीति में आए हैं। लेकिन जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार एवं शासन गंभीर नहीं है। लक्सर क्षेत्र की जनता की पीड़ा को लेकर हमेशा ही शासन प्रशासन को अवगत कराया गया। लेकिन मात्र आश्वासन ही। डबल इंजन सरकार में भी लोगों की समस्याओं का समाधान ना होना सरकार की कार्य प्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि उन्हें पद ओर टिकट की कोई लालसा नहीं है। लक्सर की जनता का आशीर्वाद उनके साथ है और आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

