ऋषिकेश (देहरादून) – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड के हरिद्वार लोकसभा अंतर्गत ऋषिकेश में जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश के लोगों ने पूर्ण बहुमत वाली सरकार का काम देखा है। उन्होंने कहा की आज देश में ऐसी सरकार है जिसने बीते 10 वर्षों में भारत को पहले से मुकाबले कई गुना मजबूत किया है। जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 खत्म करने का साहस दिखाया, महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में आरक्षण दिया, तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाया, सामान्य वर्ग के गरीबों को भी 10 प्रतिशत आरक्षण दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि, जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकार आई है तब-तब दुश्मनों ने उसका फायदा उठाया है। आज भारत में मोदी की मजबूत सरकार है इसलिए आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा जाता है। मोदी ने कहा कि, पिछली सरकारों में सैनिकों के पास बुलेटप्रूफ जैकेट तक की कमी रहती थी। लेकिन भाजपा सरकार ने अपने सैनिकों को भारत में बनी बुलेटप्रूफ जैकेट दी, उनके जीवन की रक्षा की। आज देश में ही आधुनिक रायफल से लेकर लड़ाकू विमान और विमानवाहक पोत बन रहे हैं।

भाजपा सरकार उत्तराखंड के पर्यटन को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही है। इसके लिए हमारा फोकस इस बात पर है कि देश के किसी भी हिस्से से पर्यटकों के लिए उत्तराखंड के कोने-कोने तक पहुंचाना आसान होना चाहिए। इसलिए हम देवभूमि में रोडवेज, रेलवे और एयरवेज की लगातार सुविधा बढ़ाते जा रहे हैं। यहां ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन पर तेजी से काम चल रहा है, दिल्ली से देहरादून की दूरी भी सिमट रही है। उत्तराखंड के सीमावर्ती गांवों को देश का प्रथम गांव मानकर उनका विकास किया जा रहा है। मानसखंड के तीर्थस्थानों जैसे आदि कैलाश और ओम पर्वत दर्शन के लिए हेलीकाप्टर सेवाएं शुरू हो गई है।

चारधाम परियोजना के तहत केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री को लगभग 900 किलोमीटर लंबे हाईवे से जोड़ा जा रहा है। इन सब प्रयासों से श्रद्धालुओं को उत्तराखंड पहुंचने में काफी आसानी हो जाएगी। यह इसलिए हो रहा है क्योंकि भाजपा की नीयत सही है और जब नीयत सही होती है तो नतीजे भी सही मिलते हैं। मोदी ने कहा की गढ़वाल और कुमाऊं में माता-बहनों का पूरा समय लकड़ी, पानी और पशुओं के चारे के इंतजाम में ही बीत जाता था। बहनों की इन्हीं समस्याओं को देखते हुए केंद्र सरकार ने घर-घर सस्ता सिलेंडर पहुंचाया है, जल जीवन मिशन के तहत भी उत्तराखंड में बहुत काम हुआ है।

उन्होंने कहा की कांग्रेस ने प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने पहले राम मंदिर का विरोध किया, रुकावटें डाली लेकिन राम मंदिर बनाने वालों ने उनको प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया लेकिन इन्होंने उसका भी बहिष्कार कर दिया।