हरिद्वार, 27 नवंबर – आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हरिद्वार विधानसभा सीट पर भाजपा से टिकट की दावेदारी न लगातार जारी है। निरंजनी अखाड़े के सचिव राज गिरी ने शुक्रवार को हरिद्वार विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की। वह साधु-संतों के साथ जगजीतपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे और जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा को अपना बायोडाटा सौंपकर पार्टी से टिकट देने की मांग की।

राज गिरी इससे पहले देहरादून में भी भाजपा के टिकट के लिए दावेदारी जता चुके हैं। हरिद्वार विधानसभा से दावेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि हरिद्वार संत बाहुल्य विधानसभा सीट है और इस सीट से पूर्व में जगदीश मुनि विधायक रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार अयोध्या राम मंदिर आंदोलन का भी प्रमुख केंद्र रहा है। उनके अनुसार यहीं से विश्व हिंदू परिषद और आरएसएस ने आंदोलन को लेकर रणनीति तैयार की थी। ऐसे में हरिद्वार विधानसभा सीट से किसी संत को भाजपा का प्रत्याशी बनाया जाना चाहिए।

राज गिरी ने कहा कि यदि भाजपा उन्हें मौका देती है तो वह पार्टी की विचारधारा और संगठन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे और सीट पर जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के मठ-मंदिरों, गंगा और अन्य धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ ही विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं, धार्मिक स्थलों के विकास और स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने की जरूरत है। भाजपा नेतृत्व यदि उन्हें प्रत्याशी बनाता है तो वह पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे।

राज गिरी, सचिव, निरंजनी अखाड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *