सुल्तानपुर (हरिद्वार) – कोरोना काल के चलते उत्तराखंड में पर्यटन कारोबार ठप पड़ा हुआ है। इस कारोबार से जुड़े सभी लोग आर्थिक मंदी की मार झेल रहे है। हरिद्वार के सुल्तानपुर गॉंव के ट्रेवल कारोबारियों के सब्र का बांध टूट गया। पंचपुरी टेंपो ट्रैवलर वेलफेयर सोसाइटी से जुड़े ट्रेवल कारोबारियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर राहत पैकेज देने की माँग भी की।
ट्रेवल कारोबारियों का कहना है कि पिछले एक साल से उत्तराखंड में पर्यटन से जुड़ा कारोबार ठप पड़ा हुआ है। पिछले एक साल से उनकी गाड़ियाँ खड़ी है। कामकाज ठप होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वही आरोप लगाया कि रोजी रोटी बंद होने पर सरकार भी उनके लिए कोई राहत पैकेज देने की घोषणा नही कर रही है। परेशान होकर उन्हें विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने सरकार से माँग की है कि उनका दो साल टैक्स माफ किया जाए, दो साल का बैंक लोन माफ किया जाए। उनकी खड़ी हुई गाड़ियों के परमिट की वैधता बढ़ाई जाए, गाड़ियों के इंश्योरेंस आदि में छूट देने के साथ ही उनके लिए आर्थिक पैकेज की घोषणा भी की जाए।
प्रदर्शन करने वालों में नवीन चौहान, नसीम अंसारी, शमीम मलिक, अनिल कुमार, प्रमोद राठौड़, अजय पंडित और रकम सिंह समेत कई ट्रैवल कारोबारी शामिल रहे।

