हरिद्वार – राज्य सरकार द्वारा उत्तराखंड में होने वाले 2024 राष्ट्रीय खेलों की तैयारी जोर शोर से की जा रही है। हरिद्वार में भी राष्ट्रीय खेलों के तहत हॉकी मैच होने हैं और इसके लिए रोशनाबाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी स्टेडियम तैयार किया गया है। शनिवार को उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य हरिद्वार पहुंची। उन्होंने हॉकी स्टेडियम और मल्टीपरपज हॉल का निरीक्षण किया।
मंत्री रेखा आर्य ने कार्यदाई संस्था को तय समय पर गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रस्तावित 2024 राष्ट्रीय खेलों की तैयारी जोर शोर से की जा रही है। हॉकी मैच के लिए हरिद्वार में तय समय पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी स्टेडियम तैयार हो गया है। राष्ट्रीय खेलों के साथ ही यह हॉकी मैदान यहां के स्थानीय खिलाड़ियों के लिए भी लाभदायक साबित होगा। उनकी सरकार उत्तराखंड में प्रस्तावित 2024 राष्ट्रीय खेलों के लिए पूरी तरह तैयार है।

