देहरादून – राज्य निगम कर्मचारी, अधिकारी महासंघ ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। महासंघ ने शनिवार को मांगो पर सरकार एवं शासन द्वारा कार्यवाही न किए जाने के विरोध में परेड ग्राउंड में विशाल महारैली रैली निकाली। उत्तराखंड के सार्वजनिक निगमो/ निकायों /उपकर्मो की अनदेखी से नाराज कई वर्षों से निगमो निकायों उपक्रमों में कार्य कर रहे संविदा, दैनिक वेतन भोगी, विशेष श्रेणी, उपनल, आउट सोर्स, अंशकालिक पीटीसी कर्मचारियो के नियमितकरण करने में सरकार की टाल मटोल नीति से कर्मचारी आक्रोशित है। उनका कहना है कि 2025 नियमितीकरण नियमावली प्रदेश के कर्मचारी और जनता को भ्रमित करने वाली है, जिसमे 4 दिसंबर 2008 की कट ऑफ डेट है जबकि 31 दिसंबर 2011 तक के कर्मचारी 2016 की नियमितीकरण नियमावलि के तहत नियमित हो चुके वह 2008 तक के कर्मचारी आज से 12 वर्ष पूर्व 2013 में ही नियमित हो चुके हैं। सरकार और शासन कर्मचारी के भविष्य के बारे में कोई ठोस निर्णय नहीं ले रही है।
सार्वजनिक निगमो निकायो की अनदेखी करने के विरोध में राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ के पूर्व से निर्धारित कार्यक्रम के तहत 20 दिसम्बर को राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ के सभी घटक संगठनों के प्रदेश भर के हजारों कर्मचारी परेड ग्राउंड देहरादून में एकत्रित होकर एक विशाल महारैली के रूप में अनुशासित रूप से नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की तरफ कुच किया मगर पुलिस प्रशासन द्वारा महारैली को मुख्यमंत्री आवास से पहले ही रोक दिया गया।
जिसके बाद महासंघ के पदाधिकारी वहीं धरने पर बैठ गए, नगर मजिस्ट्रेट धरना स्थल पर पहुंचकर उनको समझाने का प्रयास किया तथा महासंघ के ज्ञापन में उल्लेखित मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। वहीं 24 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक हेतु लिखित आश्वासन के बाद महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश पंत ने रैली में पहुंचे हजारों कर्मचारियों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए 24 दिसंबर तक के लिए आंदोलन को स्थगित करने की घोषणा की। महासंघ के महासचिव श्याम सिंह नेगी द्वारा कर्मचारियों को आशवस्त किया गया कि उनकी मांगे पूरी होने तक महासंघ संघर्ष करता रहेगा।
रैली को संबोधित करते हुए महासंघ के संरक्षक दिनेश गोसाई एवं बीएस रावत ने कर्मचारियों को इतनी अधिक संख्या में देहरादून पहुंचने के लिए धन्यवाद किया तथा आह्वान किया कि कर्मचारी किसी के बहकावे में ना आए राज्य कर्मचारी अधिकारी महासंघ कर्मचारी की हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा। राजेश रमोला प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, एवं डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ पेयजल निगम के अध्यक्ष अजय बेलवाल एवं पेयजल निगम कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष गौरव भर्तवाल ने सभा को संबोधित करते हुए सभी कर्मचारियों का भीषण ठंड में इतनी भारी संख्या में उपस्थित होने पर आभार व्यक्त किया।
सभा को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष मेजपाल, उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय जोशी, गढ़वाल मंडल विकास निगम कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष मनमोहन सिंह चौधरी, वन निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष टीएस बिष्ट आदि पदाधिकारियो ने भी संबोधित किया।

