हरिद्वार, 17 अक्टूबर – उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान–विकसित भारत-2047 का समापन समारोह आयोजित किया गया। एक महीने तक चले इस अभियान के तहत विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. रमाकान्त पांडे ने कहा कि विद्यार्थियों को सेवा और राष्ट्रहित को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों को व्यक्तिगत लक्ष्यों की प्राप्ति के साथ समाज के कल्याण और राष्ट्र की प्रगति के लिए भी निरंतर प्रयास करना चाहिए।
