हरिद्वार – हरिद्वार के जिलाधिकारी के निर्देश पर शंकराचार्य चौक पर गंगा किनारे खाली पड़े स्थान को हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा पार्क के रूप में विकसित किया गया है। डीएम विनय शंकर पांडे ने शंकराचार्य चौक का निरीक्षण किया और बहुत ही कम समय में पार्क विकसित करने पर हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की कार्यशैली की सराहना की।
दरअसल हरिद्वार के मुख्य चौराहों में से एक शंकराचार्य चौक के पास गंगा किनारे खाली स्थान पड़ा था। हाईवे किनारे इस स्थान पर बाहर से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की नजर यहां पड़ती है। कुछ दिन पूर्व डीएम विनय शंकर पांडे ने निरीक्षण के दौरान इस एरिया को पार्क के रूप में विकसित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। डीएम के निर्देश पर हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने तेजी से काम किया और पांच दिन में ही उस स्थान को पार्क का रूप दे दिया। डीएम विनय शंकर पांडे ने एक बार फिर से शंकराचार्य चौक का निरीक्षण किया और पार्क को देखकर अधिकारियों की कार्यशैली की सराहना की। विनय शंकर पांडे ने बताया कि बहुत ही कम समय में सौंदर्यीकरण का कार्य हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया है। निश्चित रूप से यह पार्क स्थानीय लोगों के साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ हरिद्वार के एसडीएम पूरण सिंह राणा, एचआरडीए के मुख्य उद्यान अधिकारी एआर जोशी और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर एमएन जोशी भी मौजूद रहे।

