लक्सर (हरिद्वार) – एक्सप्रेस ट्रेन का सफर कर रही महिला को प्रसव पीड़ा होने पर अधिकारियों ने नॉन स्टॉप ट्रेन को बीच रास्ते मे ही रुकवाया। दर्द से कराह रही महिला को जीआरपी पुलिस के अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां महिला ने बेटे को जन्म दिया है।
दरअसल लुधियाना की एक फैक्ट्री में काम करने वाले अजय शाह पत्नी की डिलीवरी कराने के लिए अमृतसर हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन से बिहार के नवादा स्थित चकोर गांव जा रहे थे। जब यह ट्रेन यूपी के सहारनपुर स्टेशन से चली तो बीच रास्ते मे उनकी पत्नी को प्रसव पीड़ा होने लगी। तबियत बिगड़ने पर अजय शाह ने टीटी से संपर्क किया। टीटी ने लक्सर गाड़ी का स्टॉपेज ना होने के चलते फोन पर आलाधिकारियों से संपर्क किया। आलाधिकारियों के आदेश पर स्टॉप न होने के बावजूद ट्रेन को बीच रास्ते मे स्थित लक्सर रेलवे स्टेशन पर रोका गया। इसी बीच लक्सर जीआरपी ने पुलिस को भी सूचना दे दी। ट्रेन रुकने से पहले ही जीआरपी ने एम्बुलेंस की व्यवस्था कर ली थी।
महिला के ट्रेन से उतरते ही जीआरपी थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने 108 एम्बुलेंस की मदद से अजय शाह की पत्नी प्रतिभा देवी को प्राइवेट नर्सिंग होम में एडमिट कराया। जिसके बाद प्रतिभा ने नॉर्मल डिलीवरी से पुत्र को जन्म दिया है। फिलहाल माँ और नवजात दोनो स्वस्थ है। दो बेटियों के बाद पुत्र की प्राप्ति होने के बाद शाह परिवार में खुशी का महौल है। वही अजय शाह ने जीआरपी लक्सर थानाध्यक्ष सुभाष चन्द्र व उनकी टीम का आभार व्यक्त किया और हर तरफ ये खबर चर्चा का विषय बनी हुई है।

