हरिद्वार – उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग इस बीमारी से जिंदगी की जंग हार रहे है। ऐसे मुश्किल समय मे उत्तराखंड की कई संस्थाएं काम कर रही हैं, ऐसी संस्थाओं से जुड़े लोग और उत्तराखंड पुलिस कोरोना पीड़ितों के लिए किसी देवदूत से कम नहीं हैं। यंग इंडिया, ब्लड फ्रेंड और नीतू लोहिया फाउंडेशन इन तीनो सामाजिक संस्थाओं ने एक मुहिम चलाई है। कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए कोरोना से ठीक हुए लोगों से प्लाज्मा दान करने की अपील के साथ ही कैम्प भी लगा रहे हैं। संस्थाओं की इस मुहिम में हरिद्वार एसएसपी सेंथिल अवुदई कृष्णराज एस समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी कैम्प में ऐंटीबॉडी टेस्ट कराने पहुंचे। ताकि समय पर अन्य संक्रमित लोगो की जान बचाने में सहयोग मिल सके।

संस्थाओं को उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने की बड़ी मदद –
सबसे पहले इन संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारियों ने उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार के सहयोग से बीती 9 मई को देहरादून में ऐंटीबॉडी टेस्ट कैम्प का आयोजन किया। इस कैम्प में डीजीपी अशोक कुमार समेत लगभग 200 कोरोना संक्रमण से ठीक हुए पुलिसकर्मियों ने अपना ऐंटीबॉडी टेस्ट कराया। इस कैम्प के माध्यम से इन्हें 25 लोगों का डेटा मिल गया है जो कोरोना संक्रमित मरीजों को प्लाज्मा दान दे सकते है।
वही 11 मई मंगलवार को इनके द्वारा हरिद्वार के सीसीआर भवन में दूसरे कैंप का आयोजन किया गया इस कैंप में भी हरिद्वार के एसएसपी सेंथिल अवुदई कृष्णराज एस समेत सैकड़ो पुलिसकर्मियों ने ऐंटीबॉडी टेस्ट कराया। उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार और हरिद्वार के एसएसपी सैंथिल अवुदई कृष्णराज एस ने तीनों संस्थाओं से जुड़े लोगों की इस पहल की सराहना की है।
कोरोना मरीज़ों को जरूरत पड़ने पर मिल सकेगा प्लाज्मा
यंग इंडिया संस्था के प्रमुख पुलकित गर्ग ने बताया कि उनके पास अभी देहरादून में 25 ऐसे लोगो का डेटा आ गया है जो प्लाजा दान कर सकते है। प्लाज्मा लेने के लिए ब्लड फ्रेंड संस्था के प्रमुख सुमित गर्ग से सीधा संपर्क किया जा सकता है। कोरोना से पीड़ित व्यक्ति को निःशुल्क प्लाज्मा दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि वह भी उनकी इस मुहिम में आगे आएं और अपना एंटीबॉडी टेस्ट करा कर इस महामारी में जिंदगी मौत से लड़ रहे लोगों की जान बचाये। पुलकित गर्ग ने कहा कि 12 मई को भी हरिद्वार के सीसीआर भवन में यह कैंप जारी रहेगा। यहां पर कोई भी व्यक्ति, जो कोरोना से ठीक हो गया हो, अपना एंटीबॉडी टेस्ट करा सकता है। हरिद्वार में पुलिस अधिकारी प्रशांत बहुगुणा इस कैम्प के कॉर्डिनेटर है और शेखर ब्लड फ्रेंड संस्था के प्रमुख वॉलंटियर है।
समाज के ऐसे लोग जो इस संकट की घड़ी में भी लोगों की मदद के लिए काम कर रहे हैं, तभी कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में भी देश मज़बूती के साथ लड़ पा रहा है।

