हरिद्वार, 10 नवंबर – 2027 में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव होना है, लिहाजा सभी दल तैयारियों में जुट गए हैं। चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ता भी खुलकर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। हरिद्वार विधानसभा सीट पर भाजपा में दावेदारों की लंबी फेहरिस्त सामने आई है।

हरिद्वार के डामकोठी में भाजपा के चुनाव पर्यवेक्षक और पूर्व सांसद नरेश बंसल ने विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति का जायजा लिया और पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों पर चर्चा की।

बैठक में कई नेताओं ने दावेदारी पेश की। गौरतलब है कि इस सीट से मदन कौशिक लगातार 5 बार जीत चुके हैं और वर्तमान में धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूर्व मेयर मनोज गर्ग, डॉ. विशाल गर्ग, कन्हैया खेवड़िया, उज्ज्वल पंडित समेत कई कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी की है।

दावेदारी के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कन्हैया खेवड़िया की सबसे ज्यादा चर्चा रही, जो समर्थकों के साथ डामकोठी पहुंचे और पर्यवेक्षक को अपना बायोडाटा सौंपा। जबकि पार्टी के नेता विशाल गर्ग ने भी हरिद्वार सीट से अपनी दावेदारी की है। वहीं तीर्थ पुरोहित समाज से भी चार नेताओं ने दावेदारी की है। तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने भी हरिद्वार विधानसभा से चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की है। वहीं पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने हरिद्वार और रानीपुर दोनों सीटों से दावेदारी की है। जबकि संत राम मुनि महाराज ने हरिद्वार ग्रामीण सीट से टिकट मांगा है।

पर्यवेक्षक नरेश बंसल ने कहा कि दावेदारी करना लोकतंत्र में सबका अधिकार है, इस पर मंथन होगा और भाजपा प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *