हरिद्वार – हिंदी विकास संस्थान, दिल्ली द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड – 2025 में डी. पी. एस. दौलतपुर, हरिद्वार की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में कक्षा पाँचवीं की छात्रा नव्या चौधरी ने राज्य स्तर पर ‘बालश्रेष्ठ सम्मान’ तथा कक्षा नौवीं की छात्रा गौरवी ने राष्ट्रीय स्तर पर ‘हिंदी प्रतिभा सम्मान’ प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को यह सम्मान तीन मूर्ति भवन स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय, नई दिल्ली के सभागार में आयोजित समारोह में ट्रॉफी, पदक, धनराशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की हिंदी विभागाध्यक्षा रीता प्रजापति ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि हिंदी हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता की सशक्त भाषा है, जिसका संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी का दायित्व है।
विद्यालय के प्रो वाइस चेयरमैन विकास गोयल एवं प्रधानाचार्या पूनम श्रीवास्तव ने विजेता छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है।

