हरिद्वार, 31 जुलाई – कांवड़ लेने हरिद्वार आए चार किशोर कांवड़ियों की गंगनहर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई है। हादसा ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सभी कांवड़िए चंडीगढ़ से एक ग्रुप के साथ गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, जटवाड़ा पुल के पास नहर में नहाने के दौरान एक कांवड़िया गंगनहर में फंसकर डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में तीन अन्य साथी भी पानी में उतर गए, लेकिन वे भी गहराई और पानी की चपेट में आ गए, जिसकी वजह से यह दुखद हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चारों कांवड़ियों के शव गंगनहर से बरामद कर लिए गए। मृतकों की उम्र करीब 16 से 18 वर्ष बताई जा रही है।
एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

