हरिद्वार, 11 अगस्त – हरिद्वार कांवड़ मेले में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से नया रिकॉर्ड बना गया। सावन की शुरुआत से लेकर कांवड़ मेले के समापन तक करीब 4 करोड़, 80 लाख कांवड़िए धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान कर गंगाजल भरा और अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हुआ है।

कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के बाद मंगलवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा का पूजन किया और गंगा जल लेकर कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में कांवड़ मेला सकुशल सम्पन्न होने पर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मेले के दौरान प्रशासन और पुलिस के सामने यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा बड़ी चुनौती रही। अभी भी कांवड़ मेला चल ही रहा है। लोग आ रहे हैं और शिवालयों में पूजा भी कर रहे हैं। पूरे कांवड़ मेले में कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। कांवड़ियों का आंकड़ा 04 करोड़ 80 लाख तक पहुँच गया है, शाम तक यह आंकड़ा बढ़ सकता है। डाक कांवड़ वाहनों की रात में रवानगी और छोटे वाहनों के लिए अलग अलग पार्किंग बनाई गई थी, सभी ने मिलकर यह मेला सम्पन्न कराया है।

डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि पिछले 15 दिनों में बड़ी संख्या में कांवड़िए हरिद्वार आए। सभी विभागों ने मिलकर काम किया। खासकर पुलिस विभाग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निश्चित रूप से मुख्यमंत्री ने भी कांवड़ मेले की लगातार समीक्षा की और प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुसार काम किया गया। कांवड़ मेले की सफलता के लिए सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *