हरिद्वार, 13 सितंबर – उत्तराखंड में सरकार और भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले महीने भर के सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसको लेकर हरिद्वार के जिला प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने प्रेम नगर आश्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा नेताओं के साथ एक समीक्षा बैठक की।
मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान के तहत स्वच्छता अभियान, नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय जांच शिविर, विकसित भारत विषय पर छात्र-युवा प्रतियोगिताएं, डिजिटल साक्षरता और व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण जैसे जनहितकारी कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ हर नागरिक के द्वार तक पहुंचे।
