हरिद्वार, 14 सितंबर – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेश-निर्देशों के अनुपालन में अग्निशमन अधिकारी रुड़की बंशनारायण यादव के नेतृत्व में फायर सर्विस टीम द्वारा रेलवे स्टेशन रुड़की के समीप आपातकालीन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से किसी भी आकस्मिक आपदा अथवा दुर्घटना की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों के लिए की गई तैयारियों को जाँचा एवं परखा गया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता का भी निरीक्षण किया गया। प्रथम रिस्पांडर की भूमिका पर दिया जोर
ड्रिल के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं निर्माण कार्य में लगे कर्मियों को बताया गया कि किसी भी आकस्मिक दुर्घटना के समय मौके पर मौजूद व्यक्ति ही अक्सर प्रथम रिस्पांडर की भूमिका निभाता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अग्निशमन उपकरणों के सही प्रयोग, प्राथमिक बचाव उपायों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी होना आवश्यक है।
आपातकालीन नंबर 112 की जानकारी मौजूद लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में 112 नंबर के महत्व एवं आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त करने के संबंध में भी जागरूक किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान रेलवे स्टेशन पर कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी एवं थाना गंगनहर का पुलिस बल मौजूद रहा। नवनिर्माणाधीन रेलवे स्टेशन में कार्यरत कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि अग्निशमन उपकरणों को सदैव उच्च गुणवत्ता की कार्यशील अवस्था में रखा जाए तथा समय-समय पर मॉक ड्रिल एवं सुरक्षा अभ्यास आयोजित किए जाएं।
अग्निशमन अधिकारी रुड़की बंशनारायण यादव ने अपने संबोधन में कहा कि हमें भविष्य में किसी भी आकस्मिक दुर्घटना अथवा आपदा से निपटने के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए। समय पर की गई कार्रवाई से जनहानि एवं राष्ट्र की संपत्ति को होने वाले नुकसान को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना हम सभी का कर्तव्य है।
मॉक ड्रिल के सफल आयोजन पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा फायर सर्विस टीम का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के सुरक्षा अभ्यासों से आमजन में सुरक्षा एवं आपदा से निपटने के प्रति जागरूकता और विश्वास बढ़ता है।
