हरिद्वार, 2 नवम्बर – 3 नवंबर 2026 (मंगलवार) को भगवानपुर, रुड़की स्थित होटल होमटेल में 5:30 बजे ग्राम्य विकास, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में एमएसएमई उद्योग-सरकार समन्वय समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह का उद्देश्य राज्य सरकार एवं उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श कर उद्यमियों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं पर सीधा संवाद करना है।
इस संबंध में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक उत्तम कुमार तिवारी ने जनपद के औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं औद्योगिक इकाइयों के संचालकों से 03 नवंबर को अपराह्न 5:00 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर समारोह में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की सहभागिता उद्योग हितैषी सुधारों एवं समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
