हरिद्वार, 2 नवंबर – दीपावली पर्व के दृष्टिगत बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर सुचारु आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था तथा आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही कुंभ मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों के दृष्टिगत भी शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में हर की पौड़ी से पोस्ट ऑफिस तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया गया। नगर निगम एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। साथ ही दुकानों के आगे निर्धारित पीली पट्टी के बाहर रखे गए सामान को हटवाया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान का उद्देश्य दीपावली पर्व के दौरान बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर भीड़भाड़ को नियंत्रित करना, आमजन के आवागमन को सुचारु बनाए रखना तथा सड़क मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना है, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने दुकानदारों एवं फड़-ठेली संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर किसी भी प्रकार का फड़, ठेली अथवा अन्य सामान रखकर अतिक्रमण न किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से हिदायत दी कि निर्धारित पीली पट्टी के बाहर किसी भी प्रकार का सामान न रखा जाए और न ही दुकान संचालित की जाए। यदि कोई दुकानदार पीली पट्टी के बाहर सामान रखता है अथवा निर्धारित सीमा से बाहर दुकान संचालित करता पाया जाता है, तो संबंधित सामान जब्त करते हुए उसके विरुद्ध चालान सहित नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी दुकानदारों एवं फड़-ठेली संचालकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने और आमजन के सुचारु आवागमन में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
