हरिद्वार, 2 नवंबर – कुंभ मेला-2027 के लिए आधारभूत सुविधाओं के विकास और विभिन्न निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के मद्देनजर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने हरिद्वार में विभिन्न निर्माण स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिड़ियापुर, गौरीशंकर द्वीप, बैरागी कैंप और देवपुरा क्षेत्र में संचालित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए युद्धस्तर पर आगे बढ़ाया जाए और प्रत्येक कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में विलंब अथवा गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
