हरिद्वार, 23 नवंबर – धर्मनगरी हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को लेकर पुलिस की तैयारियां अब दिखने लगी हैं। अस्थाई पुलिस लाइन से लेकर अस्थाई थाने बन रहे हैं। कुंभ मेले में देश-विदेश से पहुंचने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने एक व्यापक सुरक्षा प्लान तैयार किया है। इसके तहत पूरे कुंभ मेला क्षेत्र में 36 अस्थाई थाने बनने हैं, जिनमें 32 सेक्टर थाने, तीन ट्रैफिक थाने और एक साइबर थाना शामिल होगा।
वहीं, रेलवे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए जीआरपी के अलग से 6 थाने भी प्रस्तावित किए गए हैं।खास बात यह है कि इस बार कुंभ मेले में पारंपरिक सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ डिजिटल सुरक्षा और आधुनिक तकनीक पर भी विशेष फोकस रहेगा।
ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अलग साइबर थाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके जरिए हेली सेवा की टिकट बुकिंग समेत अन्य ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों पर त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी। वहीं, कुंभ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच बिछड़ने वाले लोगों की मदद के लिए 30 खोया-पाया केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इन केंद्रों को क्यूआर कोड से जोड़ा जाएगा, जिससे गुमशुदा बच्चों, बुजुर्गों और अन्य श्रद्धालुओं को उनके परिजनों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए एटीएस और एनएसजी जैसी विशेष सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती को लेकर भी मंथन किया जा रहा है। कुल मिलाकर कुंभ 2027 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा से लेकर यातायात प्रबंधन, साइबर अपराधों पर नियंत्रण और गुमशुदा लोगों की सहायता तक, पुलिस प्रशासन हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम करने की तैयारी में जुट गया है।
