हरिद्वार – 24 नवंबर को होने वाले कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की है। स्नान पर्व पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 02 सुपर जोन, 11 जोन और 30 सेक्टरों में बांटा गया है। सभी प्रमुख स्थानों, घाटों और भीड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। हाईवे पर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी।
ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के ऑडिटोरियम में एसपी सिटी दीपक सिंह ने स्नान पर्व की ड्यूटी में तैनात पुलिस फोर्स को ब्रीफ किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को उनके ड्यूटी प्वाइंट, जिम्मेदारियों और भीड़ नियंत्रण को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। एसपी सिटी ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहें और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ ही उनकी सुविधा का भी विशेष ध्यान रखें।
