हरिद्वार, 10 अगस्त – सावन के सोमवार पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। धर्मनगरी हरिद्वार में भी भगवान शिव के मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है, कनखल स्थित प्रसिद्ध दक्षेश्वर महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने के लिए पहुंच रहे हैं।
दक्षेश्वर महादेव मंदिर का इतिहास सीधा भगवान शंकर से जुड़ा बताया जाता है। ऐसी मान्यता है कि सावन के एक महीना भगवान शिव इस मंदिर में ही विराजमान रहते हैं। साल भर यहां भक्तों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन सावन के दिनों में दूर-दूर से लोग मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं। इस समय हरिद्वार में कांवड़ यात्रा भी जारी है इसलिए अन्य श्रद्धालुओं के अलावा हरिद्वार पहुंचे कांवड़िया भी दक्षेश्वर महादेव में जलाभिषेक करने के लिए पहुंच रहे हैं।

