हरिद्वार, 21 सितंबर – जिला कलेक्ट्रेट हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 68 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 32 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।
डीएम ने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए स्थलीय निरीक्षण वाली शिकायतों का आपसी समन्वय से समाधान सुनिश्चित करने को कहा। जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा भी की गई।
