नैनीताल ब्यूरो
हल्द्वानी (नैनीताल), 19 जुलाई – हल्द्वानी में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन ने लाइन नंबर-1 क्षेत्र में नाले पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी से अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने नाले पर किए गए अतिक्रमण हटाए कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि नाले पर हुए अतिक्रमण के कारण नियमित सफाई कार्य नहीं हो पा रहा था जिससे मानसून के दौरान जल निकासी प्रभावित होने और क्षेत्र में जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई थी इसी को देखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार करीब डेढ़ माह पूर्व 70 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर शनिवार को संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर चलाया और लगभग 15 से 20 अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर के नालों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नगर निगम का कहना है कि जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और मानसून के दौरान लोगों को जलभराव से राहत दिलाने के लिए ऐसे अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *