हरिद्वार, 7 सितंबर – भारतीय शिक्षा बोर्ड की द्वितीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2026-27 की तैयारियों को लेकर भारतीय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय हरिद्वार में विभिन्न खेलों के समन्वयकों एवं पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। भारतीय शिक्षा बोर्ड (बीएसबी) से मान्यता प्राप्त 250 से अधिक विद्यालयों के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में टीम के रूप में भाग लेंगे। पहली बार शतरंग को शामिल किया गया है।

बैठक की अध्यक्षता बीएसबी के राष्ट्रीय को-आर्डिनेटर स्वामी पुण्यदेव ने की। बैठक में विभिन्न खेलों के आयोजन, खिलाड़ियों की भागीदारी, आयोजन स्थलों की तैयारियों तथा प्रतियोगिताओं को व्यवस्थित एवं सफल बनाने से जुड़े विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। द्वितीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की खास बात यह होगी कि इस वर्ष भारतीय शिक्षा बोर्ड ने शतरंज को पहली बार राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शामिल किया है। शतरंज प्रतियोगिता अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों के लिए आयोजित होगी। इस वर्ष अंडर-14 आयु वर्ग को भी पहली बार राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। पिछले वर्ष प्रतियोगिताएं अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग में आयोजित हुई थीं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं बहुआयामी व्यक्तित्व विकास के लिए भविष्य में श्रीमद्भगवद्गीता स्मरण, निबंध, सामान्य ज्ञान (GK), चित्रकला, भाषण सहित विभिन्न शैक्षिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं देशभर में आयोजित करने पर भी विचार किया जा रहा है। पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक संबद्ध विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सभी प्रतियोगिताओं को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारु रूप से आयोजित करने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में सत्येंद्र सिंह, वंदना, कुसुम रावत, स्वाती यादव ,संजीव, अमित दानी सहित खेल समन्वयक टीम के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रतियोगिता की तैयारियों की निरंतर समीक्षा करने का निर्णय लिया गया, ताकि भारतीय शिक्षा बोर्ड की द्वितीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाया जा सके।

खेल प्रतियोगिता और आयोजन स्थल
आचार्यकुलम् हरिद्वार (उत्तराखंड) में 14-15 सितंबर 2026 को कबड्डी, बैडमिंटन, फुटबॉल एवं बास्केटबॉल, रेसलिंग, कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में 19-20 सितंबर 2026 को एथलेटिक्स, ब्लू बेल स्कूल प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में 26-27 सितंबर 2026 को योग, सनराइज पब्लिक स्कूल, बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) में 3-4 अक्टूबर 2026 को वॉलीबॉल एवं हैंडबॉल, एसआर कैपिटल पब्लिक स्कूल दिल्ली में 10-11 अक्टूबर 2026 को शतरंज, बीएस इंटरनेशनल स्कूल हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में 24-25 अक्टूबर 2026 को खो-खो के साथ राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *