हरिद्वार आखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या ने कहा कि पूज्य गुरुदेव पं.श्रीराम शर्मा आचार्यजी ने देश-विदेश में गायत्री शक्तिपीठों की स्थापना शक्ति केन्द्र के रूप में की है। यहाँ आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को उस शक्ति का अनुभव हों। इसके लिए शक्तिपीठों को आश्रम, देवालय, आरण्यक, गुरुकुल और इन सबका समन्वित संस्करण-तीर्थ के रूप में विकसित करना है। हमारे बहुत से प्रज्ञा संस्थान इस दिशा में कार्य कर रहे हैं।
वे शांतिकुंज द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय वेबिनार के मुख्य वक्ता के रूप में देश-विदेश में स्थापित प्रज्ञा संस्थान के ट्रस्टियों, प्रबंधकों एवं प्रमुख कार्यकर्त्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना काल को लेकर भले ही हम एक दूसरे से नही मिल पा रहे हैं, किन्तु विज्ञान ने हमें काफी नजदीक ला दिया है, इसी टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए हमें रूपरेखा बनाकर आगे बढ़ना है। उन्होंने भारतीय संस्कार परंपरा का प्रचलन बढ़ाने पर भी जोर दिया। साथ ही वैश्विक महामारी को लेकर बनाये गये प्रशासन के नियमों का भी पालन हो। गायत्री परिवार प्रमुख ने कहा कि ट्रस्टी अर्थात सबसे विनम्र, विश्वासपात्र व कर्त्तव्यशील कार्यकर्ता। पावन गुरुसत्ता हम सभी से यही अपेक्षा रखते हैं और वर्तमान समय की भी यही माँग है। उन्होंने कहा कि गायत्री शक्तिपीठों सहित सभी प्रज्ञा संस्थानों में विभिन्न रचनात्मक व सुधारात्मक कार्य सम्पन्न हों। नियमित साधना से आत्म शक्ति का जागरण होता है। श्रेष्ठ साहित्य के स्वाध्याय से वैचारिक शक्ति बढ़ती है। निःस्वार्थ भाव से की गयी सेवा से जन जागृति फैलती है। इस दौरान श्री केसरी कपिल, श्री दयाशंकर शर्मा, श्री केदार प्रसाद दुबे आदि ने भी प्रज्ञा संस्थानों के आवश्यक नियमों की विस्तृत जानकारी दी। इस वेबिनार में देश-विदेश के चार हजार से अधिक प्रज्ञा संस्थानों के प्रतिभागियों ने भाग लिया।
देसंविवि ने निकाली जन जागृति रैली
हरिद्वार 2 नवंबर।
देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में जन जागृति रैली निकाली गयी। रैली विवि परिसर स्थित प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर हरिपुर कलॉ होते हुए वापस विवि पहुंची। इसमें विवि के प्रोफेसर्स, रिचर्स स्कालर, विद्यार्थी एवं शांतिकुंज के अंतेवासी कार्यकर्त्तागण शामिल रहे। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, निर्मल गंगा जन अभियान को लेकर लोगों को जागरूक किया, तो वहीं कोरोना संक्रमण काल के दौरान दो गज की दूरी-मास्क है जरूरी तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने के लिए आवाहन किया। रैली का समापन सर्वे भवन्तु सुखिनः के सामूहिक प्रार्थना के साथ हुई। रैली में कुलसचिव श्री बलदाऊ देवांगन, संदीप कुमार, प्रो. सुरेश वर्णवाल, राजकुमार वैष्णव, अजय त्रिपाठी, नरेन्द्र ठाकुर, उदय किशोर मिश्र, अरुणेन्द्र सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।