हरिद्वार, 14 जुलाई – आगामी कांवड़ मेला की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मनसा देवी हिल बाईपास, मोतीचूर, भूपतवाला, सप्तऋषि आश्रम, पंतद्वीप, लालजीवाला, चंडी चौक, नजीबाबाद रोड, गौरीशंकर तथा नमामि गंगे घाट सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रियों के लिए निर्धारित यात्रा मार्ग, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग को पूर्णतः सुरक्षित, सुगम एवं गड्ढामुक्त बनाया जाए। कहीं भी मरम्मत अथवा निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात संचालन की समुचित कार्ययोजना के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संवेदनशील स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव प्राप्त हो।

निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह, ट्रैफिक इंस्पेक्टर संदीप, सीपीयू इंचार्ज हितेश, एसएचओ नगर कोतवाली कुंदन सिंह राणा, एसएचओ श्यामपुर नितेश शर्मा सहित एनएचएआई के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *