हरिद्वार, 28 सितंबर – हरिद्वार जिला कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई में भूमि विवाद, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड और बिजली-सड़क से जुड़ी कुल 65 शिकायतें पहुंचीं। जिसपर जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए 32 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि बाकी शिकायतों को तय सीमा के भीतर हल करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंप दिया।
वहीं सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित पड़े मामलों पर सख्त रुख अपनाया और अधिकारियों को बिना किसी देरी के शिकायतों का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ किया कि अधिकारी सिर्फ कागजी कार्रवाई ना करें, बल्कि जरूरत पड़ने पर खुद मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और सीधे शिकायतकर्ता से बात करें।
