हरिद्वार, 18 नवंबर – नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए गंगा कलश यात्रा गंगोत्री धाम से रवाना हो गई है। बुधवार को गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश महाराज द्वारा एक बड़े कलश में पांच हजार लीटर गंगाजल भरकर हरिद्वार लाया गया। हरिद्वार स्थित चरण पादुका मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना के बाद गंगाजल यात्रा को नेपाल के लिए रवाना किया गया।

इस दौरान अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज और कई साधु संत मौजूद रहे। चरण पादुका मंदिर में गंगाजल के पात्रों की पूजा अर्चना की गई। इसके बाद संतों ने गंगा जल को नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर तक ले जाने की यात्रा का शुभारंभ किया। नेपाल पहुंचने के बाद 23 नवंबर को इसी गंगाजल से भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।

हरिद्वार से नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर तक गंगाजल पहुंचाने की यह यात्रा हर वर्ष आयोजित की जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक करना पुण्यकारी माना जाता है। इसी परंपरा के तहत हर वर्ष गंगोत्री धाम और हरिद्वार की पवित्र गंगा से जल नेपाल भेजा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *