हरिद्वार, 18 नवंबर – अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़ी चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद आज बुधवार को जन अधिकार पार्टी और उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने आर्य नगर स्थित विनोद आर्य के घर का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने घर के आसपास बैरिकेडिंग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई।
जन अधिकार पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता आर्य नगर चौक से पैदल ही विनोद आर्य के घर के बाहर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। बैरिकेडिंग हटाने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक बहस और धक्का मुक्की की स्थिति बनी रही।
वहीं प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को कुछ दूरी पर ले जाकर छोड़ दिया। बता दे कि रविवार को विनोद आर्य ने प्रेस वार्ता कर अंकिता भंडारी केस से जुड़ी चैट सार्वजनिक की थी।
