लक्सर (हरिद्वार) – हरिद्वार ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह के निर्देश पर लक्सर के ग्राम खड़ंजा कुतुबपुर में केंद्र सरकार के किसान विरोधी अध्यादेशो के विरुद्ध तथा दिल्ली में धरना दे रहे किसानों के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा धरना दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश रस्तोगी ने कहा कि मोदी सरकार किसान विरोधी अध्यादेशो की आड़ में किसान की मेहनत का खून चूसने का काम कर रही है, किसान के स्वाभिमान को कुचलने का काम कर रही है, किसान को बर्बादी की डगर पर ले जाने का प्रयास कर रही है। काँग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में उत्तराखंड के किसान दिल्ली के धरने को समर्थन देने जाएंगे। यदि केंद्र सरकार ने किसानों की मांगे ना मानी तो 8 दिसंबर के भारत बंद में लक्सर की जनता भी अपनी भूमिका निभाईगी। कांग्रेस के प्रदेश सचिव रोहताश सैनी ने कहा कि मोदी सरकार के राज में किसान मजदूर और देश के युवा वर्ग के साथ सौतेला व्यवहार कर रही हैं। प्रदेश सचिव बालेश्वर सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की सरकार है जो लगातार दलितों और मुस्लिमों का शोषण कर रही है, इनके अधिकारों को दबाया जा रहा है। जिला उपाध्यक्ष बृजपाल सिंह नागर ने कहा कि भाजपा चाहे कितना ही हल्ला मचा ले 2022 में भाजपा को बहुत बुरी हार का सामना करना पड़ेगा और कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मास्टर नकली राम ने कहा की इतिहास गवाह है जब-जब किसान का शोषण हुआ है तब तक केंद्र में बैठी सत्ता का पतन हुआ है। कार्यक्रम से पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मपाल सिंह, कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश रस्तोगी, प्रदेश सचिव रोहताश सैनी, प्रदेश सचिव ताहिर हसन, प्रदेश सचिव बालेश्वर सिंह, मास्टर नकली राम, जिला उपाध्यक्ष ब्रजपाल सिंह नागर, जिला महामंत्री सुरेंद्र शर्मा, नगर अध्यक्ष, नगर कांग्रेस अध्यक्ष देवेश राणा, जिला महामंत्री डोनु शर्मा, शकील अहमद, तुषार खटीक आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।