देहरादून - उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद एवम भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने जानकारी दी है कि केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तराखंड को दो जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात दी है। जन शताब्दी ट्रेनें टनकपुर से नई दिल्ली और कोटद्वार से नई दिल्ली के बीच चलेंगी। अनिल बलूनी ने बताया कि इस संबंधी पत्र उनको प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों ट्रेनों का टाइम टेबल भी रेल मंत्रालय जारी कर देगा।
बलूनी ने कहा कि गत 17 नवंबर 2020 को उन्होंने अनुरोध पत्र रेल मंत्री को भेजी थी। रेल मंत्री ने इतनी जल्दी ले ली उसके लिए वह उनका प्रदेश की तरफ से आभार और धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि निरंतर उत्तराखंड की रेल सेवाओं के विस्तार तथा उच्चीकरण में रेल मंत्री ने उदारता का परिचय दिया है। इन दोनों ट्रेनों के संचालन से यहां के नागरिकों, विद्यार्थियों, रोगियों और नौकरी पेशा लोगों के लिए बड़ी राहत होगी। टनकपुर - नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से पिथौरागढ़ चंपावत और उधम सिंह नगर के लोगों को तो वहीं कोटद्वार - नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से गढ़वाल मंडल के नागरिकों को रेल यात्रा की सेवा प्राप्त हो सकेगी।
सांसद बलूनी ने कहा मोदी सरकार आमजन की सेवा-सुविधा के लिए कृत संकल्प है। मोदी सरकार के कार्य कालखंड में उत्तराखंड में रेल क्षेत्र में क्रांति हुई है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का कार्य युद्ध गति से चल रहा है। नैनी-दून जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन गढ़वाल-कुमाऊं को निर्बाध सेवा दे रही है। काशीपुर-धामपुर नई रेल लाइन पर गंभीरता से रेल मंत्रालय आकलन कर रहा है। उसी तरह टनकपुर बागेश्वर रेल लाइन का संकल्प भविष्य में धरातल पर उतरेगा।
सांसद बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड में राज्य की जनता के साथ श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों भी सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी, सामरिक दृष्टि से भी यह लाभकारी सिद्ध होगी।