हरिद्वार – उत्तराखंड में धामी सरकार के दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा पदाधिकारी सरकार की उपब्धियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। हरिद्वार में निवर्तमान सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने भी प्रेस कांफ्रेंस कर धामी सरकार की दो साल की उपलब्धियों को बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने पिछले दो सालों में यूसीसी, धर्मांतरण विरोधी कानून और नकल विरोधी कानून जैसे कई बड़े कानून बनाए हैं जिनका अनुसरण देश के अन्य राज्य भी करेंगे।
डॉ निशंक ने आयुष्मान योजना, राज्य आंदोलनकारियों को 10% क्षैतिज आरक्षण और किसानों के लिए बनाई गई योजनाओं की भी जानकारी दी। वहीं डॉक्टर निशंक ने हरिद्वार लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाए गए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह को लेकर बड़ी जीत का दावा किया। वहीं पत्रकारों के सवाल पर निशंक ने कहा कि वह हमेशा कार्यकर्ताओं के साथ खड़े हैं और पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करते रहेंगे। निशंक ने कहा, न वह राजनीति छोड़ रहे हैं और न ही हरिद्वार।

